लीची के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी—आत्महत्या या हत्या, पोस्टमार्टम के बाद होगा खुलासा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
CRIME : डुमरिया बुजुर्ग गांव की घटना, 22 वर्षीय सन्नी कुमार की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
KBI,Khagaria : जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के प्रखंड अंतर्गत डुमरिया बुजुर्ग गांव में शनिवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बगीचे में लीची के पेड़ से रस्सी के सहारे एक युवक का शव लटका हुआ पाया गया। मृतक की पहचान बबराहा गांव निवासी अशोक यादव के 22 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार सन्नी कुमार शनिवार की दोपहर से ही घर से लापता था। शाम करीब तीन बजे डुमरिया बुजुर्ग गांव के कुछ ग्रामीण बहियार की ओर काम से जा रहे थे। इसी दौरान बगीचे में स्थित लीची के पेड़ से युवक को रस्सी से लटका देख उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही परबत्ता थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। प्रभारी थानाध्यक्ष दिवाकर कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यह आत्महत्या है या हत्या, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
ग्रामीण बोले- मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
ग्रामीणों का कहना है कि मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं मृतक के पिता अशोक यादव ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और मृतक के परिजन एवं ग्रामीण मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


