नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - में आपका स्वागत है ,यहां आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9430042156 , khabarbiharin24@gmail.com ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , हाईवे पर मौत बनकर खड़ा था मानसी नगर पंचायत का चलंत शौचालय टैंकर, तेज रफ्तार बाइक की भिड़ंत में नवविवाहित युवक की मौत – खबर बिहार IN

खबर बिहार IN

Latest Online Breaking News

हाईवे पर मौत बनकर खड़ा था मानसी नगर पंचायत का चलंत शौचालय टैंकर, तेज रफ्तार बाइक की भिड़ंत में नवविवाहित युवक की मौत

Oplus_131072

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

एक्सिडेंट : ग्रामीणों का आरोप- SH-95 पर बिना रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत के खड़े टैंकर से टकराई बाइक, एक युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

आक्रोश : शादी के महज 23 दिन बाद उजड़ा नवविवाहिता का सुहाग, नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही पर फूटा लोगों का गुस्सा

KBI, KHAGARIA 
खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत एसएच-95 स्थित खुटिया बांध के समीप गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवविवाहित युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए नगर पंचायत की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर आक्रोश जताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मानसी नगर पंचायत का चलंत शौचालय टैंकर सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग, इंडिकेटर या रिफ्लेक्टर के खड़ा था। देर रात अंधेरे में बाइक सवार दोनों युवक टैंकर को देख नहीं सके और सीधे उसमें जा भिड़े। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और चालक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मुंगेर जिले के तोफीर गांव निवासी स्व. नरेश यादव के लगभग 25 वर्षीय पुत्र चिक्कू कुमार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक अमित कुमार को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मानसी बाजार से सैदपुर गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खुटिया बांध के समीप सड़क किनारे खड़े टैंकर से उनकी बाइक टकरा गई।

शादी के 23 दिन बाद ही उजड़ गया सुहाग

इस हादसे ने एक नवविवाहिता की जिंदगी को पलभर में तबाह कर दिया। जानकारी के अनुसार चिक्कू कुमार की शादी बीते 6 मई को मानसी थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी अंगद यादव की पुत्री दीपशिखा के साथ बड़े ही धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था और नवदंपति ने अपने नए जीवन की शुरुआत ही की थी, लेकिन गुरुवार की रात चिक्कू कुमार अपने ससुराल सैदपुर जा रहा था। बताया जाता है कि हादसे से कुछ देर पहले उसने पत्नी से फोन पर बात करते हुए कहा था —

“मानसी बाजार पहुंच गए हैं, बस कुछ ही मिनट में घर पहुंच रहे हैं…”
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। ससुराल पहुंचने से महज तीन किलोमीटर पहले ही सड़क किनारे खड़े चलंत शौचालय टैंकर ने उसकी जिंदगी छीन ली। घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। नवविवाहिता दीपशिखा के हाथों की मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि उसका सुहाग उजड़ गया। परिजनों के चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी बोले वार्ड पार्षद के कहने पर सड़क किनारे रखा गया था टैंकर 
मामले में मानसी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी अमर प्रकाश राय ने कहा कि संबंधित चलंत शौचालय टैंकर को सड़क किनारे खड़ा करने के लिए नगर पंचायत के एक वार्ड पार्षद द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था। उसी आवेदन के आधार पर वाहन वहां खड़ा कराया गया था। हालांकि उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कहा कि हादसे की जानकारी मिली है, बड़ी दुखद है, लेकिन वहां लाइट का पूरा पूरा प्रबंध है, दिन के तरह साफ दिखाई देता हैं। बावजूद कैसे दुर्घटना हो गई जांच का विषय है।

जांच में जुटी पुलिस, कहा- दोषियों पर होगी कार्रवाई
मामले में मानसी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क पर खड़े वाहन, सुरक्षा मानकों और लापरवाही के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नगर पंचायत पर फूटा लोगों का गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि रात के समय बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के सड़क किनारे भारी वाहन खड़ा करना सीधे तौर पर हादसे को न्योता देना है। पीड़ित एवं
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि—
सड़क किनारे खड़े वाहनों पर सख्त कार्रवाई हो!
रात में रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत अनिवार्य किए जाएं!
नगर पंचायत की जिम्मेदारी तय की जाए!
मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए! फिलहाल मानसी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now