तेजस्वी यादव की मीडिया को धमकी लोकतंत्र पर हमला : भाजपा उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
राजनीति : भाजपा नेता बोले — जंगलराज की वापसी की चेतावनी है तेजस्वी की भाषा, आरजेडी बन गई है परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी
केबीआई। खगड़िया, 18 जुलाई 2025
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय खंडेलिया ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव द्वारा हाल ही में मीडिया के खिलाफ की गई टिप्पणियों और धमकी भरे बयान की कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता में उन्होंने इसे लोकतंत्र की आत्मा — ‘स्वतंत्र मीडिया’ — पर सीधा और सुनियोजित हमला करार दिया। खंडेलिया ने कहा कि तेजस्वी यादव का यह रवैया न केवल उनके राजनीतिक दिवालियेपन को दिखाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि विपक्ष में रहकर उन्होंने मानसिक संतुलन खो दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव की भाषा और मंच से बाहुबलियों का जिक्र कर डर फैलाना बिहार को फिर उसी ‘जंगलराज’ की ओर ले जाने की चेतावनी है, जिसे जनता ने 1990 से 2005 तक झेला और खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा, “बिहार के युवा, जिन्होंने वह काला युग नहीं देखा, तेजस्वी यादव के बयान सुनकर उस दौर की मानसिकता को अच्छी तरह समझ सकते हैं। हत्या, लूट, फिरौती और अपहरण के सहारे सत्ता चलाने का तरीका अब फिर से नहीं चलने वाला।” खंडेलिया ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आज आरजेडी पार्टी नहीं रह गई है, बल्कि परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बन चुकी है, जहाँ नेतृत्व लोकतांत्रिक प्रक्रिया से नहीं बल्कि वंशानुगत तरीके से तय होता है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव खुद को जनता के बजाय केवल परिवार के प्रति जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ — मीडिया — की आज़ादी और अभिव्यक्ति के अधिकार की रक्षा के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे किसी धमकी से डरें नहीं और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में सच जनता तक पहुंचाते रहें। खंडेलिया ने कहा कि भाजपा की विचारधारा में संविधान सर्वोपरि है और पार्टी हमेशा मीडिया, न्यायपालिका, चुनाव आयोग जैसी लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा, सुरक्षा और स्वतंत्रता के लिए संघर्षरत रहेगी। प्रेसवार्ता में भाजपा जिला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील चौधरी प्रमोद साह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अश्विनी सिंह, अश्वनी चौधरी, नगर अध्यक्ष रितेश शर्मा, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष संजय ठाकुर एवं पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष वंदना सिंह पटेल भी मौजूद थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


