हिरोज क्लब मानसी के पूर्व फुटबॉलर सुबोध सिंह के निधन से खेल जगत में शोक
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
निधन पर संदेश : जिला फुटबॉल एसोसिएशन खगड़िया के अध्यक्ष व सचिव सहित अन्य लोगों ने किया शोक व्यक्त
KBI, KHAGARIA
मानसी क्षेत्र के प्रतिष्ठित खेलप्रेमी हिरोज क्लब मानसी के पूर्व फुटबॉलर एवं अधिवक्ता श्री सुबोध सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते हीं खेल जगत, सामाजिक क्षेत्र तथा आम लोगों के बीच गहरा दुःख व्याप्त हो गया। वहीं जिला फुटबाल एसोसिएशन खगड़िया के अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू एवं क्षेत्र के खेलप्रेमियों और उनके शुभचिंतकों ने इसे खेल जगत की अपूरणीय क्षति बताया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते कुछ दिनों पूर्व उन्हें अचानक हृदयाघात हुआ था, जिसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था और परिवार सहित उनके चाहने वाले उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे थे। लेकिन रविवार की देर रात्रि इलाज के दौरान ही उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते हीं मानसी सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल छा गया। वहीं जिला फुटबाल एसोसिएशन के अध्यक्ष अभय कुमार गुड्डू ने कहा कि श्री सुबोध सिंह अपने समय के एक प्रतिभाशाली फुटबॉलर के रुप में जाने जाते थे। उन्होंने हिरोज क्लब मानसी के लिए लंबे समय तक फुटबॉल खेलते हुए अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। खेल के प्रति उनका समर्पण, अनुशासन और टीम भावना उन्हें अन्य खिलाड़ियों से अलग पहचान दिलाती थी। मैदान पर उनका प्रदर्शन हमेशा सराहनीय रहा और वे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का श्रोत बने रहे। उन्होंने कहा कि फुटबॉल के प्रति उनके प्रेम और लगन के कारण वे स्थानीय खेल गतिविधियों से हमेशा जुड़े रहे। उन्होंने कई अवसरों पर युवा खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित किया और उन्हें खेल के माध्यम से अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। खेल के क्षेत्र में उनका योगदान आज भी लोगों को याद है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक बना रहेगा। वहीं सचिव शंकर कुमार सिंह ने बताया कि खेल के साथ-साथ सुबोध सिंह ने अधिवक्ता के रुप में भी समाज में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की थी। वे अपने पेशे के प्रति समर्पित होने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े रहते थे। जरुरतमंद लोगों की मदद करना और समाज के हित से जुड़े विषयों में सक्रिय रहना उनके व्यक्तित्व की विशेषता थी। उनकी सादगी, मिलनसार स्वभाव और सकारात्मक सोच के कारण वे समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच सम्मानित थे। उनके निधन से न केवल खेल जगत बल्कि सामाजिक और विधि क्षेत्र में भी एक बड़ी क्षति हुई है। उनके परिचितों और शुभचिंतकों का कहना है कि वे एक सरल, सहृदय और सहयोगी स्वभाव के व्यक्ति थे, जिन्होंने अपने जीवन में खेल और समाज दोनों क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सुबोध सिंह के निधन से उनके परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों को गहरा आघात पहुंचा है। क्षेत्र के लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति दें। इस अवसर पर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सुभाष कुमार सिंह, अमीर पासवान, विनय कुमार, आनंद गुप्ता, मो. जावेद, मो. कमाल, संजय पटेल, रौशन गुप्ता, ललित मिश्रा सहित दर्जनों खेलप्रेमियों ने सुबोध सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


