सीएचसी मानसी में डिजिटल एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड का अभाव, मरीजों की बढ़ी परेशानी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मांग : करोड़ों की लागत से बना अत्याधुनिक भवन साबित हो रहा ‘हाथी के दांत’, गुड्डू ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग
KBI, KHAGARIA
जिले के मानसी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में डिजिटल एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक जांच सुविधाओं के अभाव से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस अत्याधुनिक भवन से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीद थी, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत नजर आ रही है। नए भवन में विभिन्न चिकित्सा सेवाओं के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं, जो देखने में तो आधुनिक और व्यवस्थित लगते हैं, लेकिन बुनियादी जांच सुविधाओं के अभाव में यह भवन “हाथी के दांत” साबित हो रहा है।
दिखने में आकर्षक, लेकिन उपयोग में अधूरा
समाजसेवी सह आरटीआई कार्यकर्ता अभय कुमार गुड्डू ने इस गंभीर समस्या को लेकर जिलाधिकारी एवं सिविल सर्जन को पत्र लिखकर अविलंब समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करती है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों के साथ अन्याय भी है। मानसी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए सीएचसी पहुंचते हैं। इनमें अधिकांश गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। डॉक्टर द्वारा जांच की सलाह मिलने पर मरीजों को मजबूरन निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है, जहां भारी शुल्क वसूला जाता है। यह खर्च आम लोगों के लिए उठाना बेहद मुश्किल हो जाता है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।
समय पर जांच नहीं होने के कारण इलाज में देरी, कई बार जान का खतरा भी उत्पन्न हो जाता है
समय पर जांच नहीं होने के कारण इलाज में देरी होती है, जिससे मरीजों की हालत और बिगड़ जाती है, कई बार जान का खतरा भी उत्पन्न हो जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जांच के लिए शहर का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है। आर्थिक तंगी के कारण कई लोग जांच नहीं करा पाते, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। स्थानीय लोगों में इस मुद्दे को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि जब अस्पताल में जरूरी सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं होंगी, तो नए भवन का क्या औचित्य रह जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भवन निर्माण के साथ-साथ आवश्यक उपकरण और प्रशिक्षित कर्मियों की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आम जनता आंदोलन करने को होंगे बाध्य : गुड्डू
इस संबंध में अभय कुमार गुड्डू ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आम जनता आंदोलन करने को बाध्य होगी। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि सीएचसी मानसी में शीघ्र डिजिटल एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड मशीन की व्यवस्था कर आवश्यक तकनीकी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी समाज की बुनियादी जरूरत होती हैं और इसमें लापरवाही सीधे जनता के जीवन को प्रभावित करती है। ऐसे में प्रशासन को इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को सुलभ और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


