कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या पर खगड़िया में फूटा आक्रोश, नगर परिषद कार्यालय रहा बंद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
आक्रोश : डेहरी नगर परिषद के ईओ विमल कुमार की हत्या के विरोध में अधिकारियों, कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि, दोषियों की गिरफ्तारी और नगर निकाय कर्मियों की सुरक्षा के लिए स्थायी नीति बनाने की उठाई मांग
रौशन कुमार। खगड़िया
डेहरी नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार को खगड़िया नगर परिषद कार्यालय पूरी तरह बंद रहा। नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शोकसभा आयोजित कर दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई तथा घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की गई। शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि यह घटना केवल एक अधिकारी की हत्या नहीं, बल्कि पूरे नगर निकाय तंत्र पर हमला है। यदि जनसेवा में लगे अधिकारी और जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो विकास कार्यों की गति और आम जनता को मिलने वाली सेवाएं भी प्रभावित होंगी। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि दिनदहाड़े एक लोकसेवक की हत्या लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद चिंताजनक है। उन्होंने राज्य सरकार से नगर निकायों में कार्यरत कार्यपालक पदाधिकारियों, अभियंताओं, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए ठोस एवं स्थायी सुरक्षा नीति लागू करने की मांग की। उन्होंने सुल्तानगंज नगर परिषद में हुई पूर्व की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया होता, तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकती थी। कार्यपालक पदाधिकारी सिंधु कमल ने कहा कि डेहरी की घटना ने पूरे नगर निकाय परिवार को झकझोर दिया है। उन्होंने सरकार से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा नगर निकायों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने, अवैध निर्माण रोकने, सरकारी भूमि की सुरक्षा, कर वसूली और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे संवेदनशील कार्यों के दौरान अधिकारियों को कई बार असामाजिक तत्वों के विरोध का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। शोकसभा के अंत में नगर परिषद परिवार ने दिवंगत विमल कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। सभी ने एक स्वर में मांग की कि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई हो तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नगर निकायों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। वक्ताओं ने कहा कि भयमुक्त वातावरण में ही अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ जनसेवा और विकास कार्यों का दायित्व निभा सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space


